दुर्ग जिले के कुम्हारी के खपरी गांव के एक मकान में अचानक तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है। शुरूआती जानकारी में मृतकों में तीन बड़े और एक करीब एक साल का बच्चा शामिल होने की बात भी बताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। यह मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुम्हारी के खपरी गांव के एक मकान में अचानक तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि घर में आग तेजी से फैल गई। आग की लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकल नहीं सके और जिंदा जल गए।
धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया था। काफी मशक्कत के बाद घर के अंदर से चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी गई है।
सिलेंडर ब्लास्ट मामले की जानकारी लगते ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, शिक्षामंत्री गजेन्द्र यादव समेत सांसद- विधायक घटनास्थल पहुंचे। परिजनों से की मुलाकात। परिजनों को 36 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा मंत्रियों ने की।

