सेना की ओर से अग्निपथ-योजना के तहत अग्निवीर भर्ती रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) जबलपुर में राज्य के 14 जिलों के पंजीकृत युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। ये अग्निवीर भर्ती रैली 15 सितंबर से 25 सितंबर 2022 तक जबलपुर कैंट स्थित जम्मू और कश्मीर राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में होगी।
जबलपुर में होने वाली भर्ती में अनूपपुर, बालाघाट, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया जिले के करीब 70 हजार पंजीकृत उम्मीदवार हिस्सा लेंगे।
इन जिलों के अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे एडमिट कार्ड में दी गई तिथि और समय के अनुसार पीएओ (ओआर) कार्यालय, जम्मू और कश्मीर राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के समीप मैदान में रिपोर्ट करें। सेना और नागरिक प्रशासन ने रैली के लिए बुनियादी व्यवस्था कर रखी है। जिला प्रशासन इन रैलियों को लेकर तमाम व्यवस्थाएं कर रहा है। हाल में सैन्य प्रशासन की ओर से कलेक्टर को एक सूची सौंपी गई थी, जिसके माध्यम से व्यवस्थाओं को अंजाम दिया जा रहा है। सैन्य एवं जिला प्रशासन की ओर से अभ्यर्थिंयों को सचेत किया गया है कि वे दलालों, धोखेबाजों और एजेंटों से सावधान रहें। अगर कोई ऐसा व्यक्ति समझ में आता है तो उसकी तत्काल जानकारी प्रशासन व पुलिस के जिम्मेदारों को दें।
इस भर्ती प्रकिया के दौरान अग्निवीर सैनिक (जनरल डयूटी), अग्निवीर (तकनीकी) अग्निवीर क्लर्क, स्टोर कीपर, तकनीकी ट्रेड्समैन की भर्ती प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस चरण में पुरुषों का शारीरिक परीक्षण हो रहा है, जबकि अगले महीने महिला आवेदकों का टेस्ट होगा।
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के पहले चरण में फिजिकल और मेडीकल होगा। इसके बाद लिखित परीक्षा होगी। 15 से 25 सितंबर के बीच फिजिकल और मेडीकल परीक्षण होगा। फिजिकल टेस्ट में 1600 मीटर की दौड़, बीम (पुलअप), जिकजेक और लंबी कूद होगी। दौड़ और बीम में अंक निर्धारित किए गए हैं, जबकि शेष इवेंट क्वालीफाइंग हैं। लंबी कूद में 9 फीट का गड्ढा पार करना पड़ेगा। क्लर्क और टेक्निकल पदों के लिए फिजिकल टेस्ट केवल क्वालीफाइंग रहेंगे। इस चरण में उत्तीर्ण होने वाले युवाओं को लिखित परीक्षा देना होगी। जिसके लिए तारीखों का ऐलान बाद में होगा।
