बिलासपुर। प्राइवेट(स्वाध्यायी) परीक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे पड़ोसी राज्यों के युवा भी आकर्षित हो रहे हैं। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित परीक्षा में प्रतिवर्ष इनकी संख्या बढ़ रही है। कोरोना महामारी के बीच दो साल इसमें कमी रही। अब परिस्थियां सामान्य होने के बाद ऐसा माना जा रहा है कि इस बार इनकी संख्या फिर बढ़ सकती हैै।
नियमित छात्र-छात्राओं का प्रवेश 30 अगस्त को समाप्त होने के बाद अब अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय स्वाध्यायी छात्रों के परीक्षा फार्म को लेकर तैयारी में जुट गया है। परीक्षा विभाग के अधिकारियों की मानें तो नवंबर के प्रथम पखवाड़े में आवेदन के लिए पोर्टल खोल दिया जाएगा। परीक्षा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक स्वाध्यायी परीक्षा के फार्म भरने नवरात्र के बाद कुलपति के समक्ष फाइल आगे बढ़ाई जाएगी। कोरोना महामारी के बीच विगत दो साल से परीक्षा आनलाइन घर से संचालित हो रही थी।
इस बार परिस्थिति सामान्यहुई है। संभव है कि परीक्षा आफलाइन होगी। हर साल सितंबर-अक्टूबर में दिशा निर्देश जारी हो जाता था। कोरोना महामारी के बाद लगातार देरी हो रही है। बता दें कि ओडिशा, मध्य प्रदेश और बंगाल से हर साल बड़ी संख्या में छात्र बीएड और भूगोल में नियमित छात्रों के रूप में सबसे अधिक शामिल होते थे। इसके अलावा स्वाध्यायी की परीक्षा में भी लगातार संख्या बढ़ रही थी। हर साल 80 हजार से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल होते हैं।
कोविड-19 महामारी के कारण दो वर्षों से व्यवस्था थोड़ी अलग रही। इस बार परिस्थियां सामान्य है ऐसे में सेमेस्टर की परीक्षा से लेकर स्वाध्यायी छात्रों के आवेदन की पूरी प्रक्रिया नवंबर से दिसंबर के बीच पूरा कर लेंगे। जनवरी में प्रायोगिक परीक्षा भी होनी है। फरवरी में मुख्य परीक्षा का समय सारिणी भी जारी करनी है। परीक्षा विभाग से चर्चा कर विस्तृत खाका तैयार करेंगे।
