
ओलिंपिक में भारत को मेडल दिलाने वाले बॉक्सर विजेंदर 17 अगस्त को रायपुर में मुक्केबाजी करते दिखेंगे। शहर के बलबीर सिंह जुनेजा स्टेडियम में रंबल इन द जंगल नाम का प्राेफेशनल बॉक्सिंग इवेंट होने जा रहा है। इसमें विजेंदर, घाना के मुक्केबाज इलियासू सुली से भिड़ेंगे।
जब विजेंदर से ये पूछा गया कि क्या वो कल के मुकाबले को लेकर नर्वस हैं तो हंस पड़े, हंसते हुए बोले-अच्छा सवाल है ये आपका, मैं इसका जवाब कल दूंगा। विजेंदर ने कहा कि रायपुर में पहली बार ये प्रोफेशनल बॉक्सिंग इवेंट हो रहा है। यहां के खिलाड़ी इससे प्रेरित होंगे। विजेंदर के प्रतिद्वंदी इलियासू अफ्रीकन लॉयन के नाम से मशहूर हैं, इसे लेकर विजेंदर ने कहा कि कल पता चलेगा कि काैन बेहतर है, अफ्रीकन लायन या इंडियन टाइगर, कल पता लग जाएगा।
प्रदेश के खिलाड़ियों को इंट्री फ्री
इस कार्यक्रम के जुड़े चिन्मय तिवारी ने मीडिया से चर्चा के दौरान एक अहम घोषणा की। तिवारी ने कहा कि प्रदेश के ऐसे प्लेयर्स जो बॉक्सिंग से जुड़े हैं उन्हें मैच इवेंट में इंट्री फ्री दी जाएगी। विजेंदर ने भी इच्छा जताते हुए कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ी आएं और बॉक्सिंग देखें। विजेंदर ने आगे ये भी कहा कि जरूरी नहीं कि वो बॉक्सिंग करें। वो जिस भी स्पोर्ट्स में बेहतर करना चाहते हैं, जरूर करें। उन्हें प्रेरित करना ही हमारा मकसद है। इस मैच को देखने के लिए बुक माय शो से टिकट बुक की जा सकती है, कीमत करीब 520 रुपए है।
