रायपुर। यदि आप अपने परिवार के साथ डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी का दर्शन नहीं किया है तो इस साल शारदीय नवरात्र पर दर्शन लाभ ले सकते हैं, और वह भी फ्री। रायपुर से डोंगरगढ़ तक आने-जाने और रास्ते में भोजन की व्यवस्था भी फ्री रहेगी। यानी, रायपुर से डोंगरगढ़ जाकर मां बम्लेश्वरी का दर्शन कर वापस एक ही दिन में आ सकेंगे।
निश्शुल्क डाेंगरगढ़ दर्शन यात्रा के लिए पंजीयन 21 सितंबर से शुरू हो चुका है।
पंजीयन कराने पर टिकट निश्शुल्क मिलेगा। उसके आधार पर यात्रा कर सकेंगे। प्रतिदिन नौ दिनों तक यात्रा जारी रहेगी। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर श्रद्धालुओं को यात्रा पर ले जाया जाएगा।
कालीमाता अन्नदान भंडारा समिति के दीपक भारद्वाज ने बताया कि प्रतिदिन चार बसाें की व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन सुबह 9 बजे रायपुर से डाेंगरगढ़ रवाना होकर दर्शन के उपरान्त भेजे यात्रियाें को वापस लेकर रात 8 बजे बस वापस आएगी। एक साथ चार बस छूटेगी और दो फेरे लगाएगी। रात को वापस आने के एक घंटे बाद रात 9 बजे फिर से चारों बस छूटेगी और दूसरे दिन सुबह 8 बजे लौटेगी। यह क्रम नौ दिनों तक चलता रहेगा।
एक बस में 60 यात्री रवाना होंगे, कुल चार बसों में 240 यात्री सुबह और 240 यात्री रात को रवाना होकर दर्शन लाभ ले सकेंगे।
निश्शुल्क यात्रा में परिवार को ही प्राथमिकता दी जाएगी। अकेले या दोस्तों के साथ नहीं जा सकेंगे। पारिवारिक माहौल में ही यात्रा का लाभ लिया जा सकता है।
श्यामनगर में पंजीयन
डोंगरगढ़ जाने के इच्छुक श्रद्धालु इंदिरा चौक श्याम नगर स्थित श्री कालीमाता अन्नदान भंडारा समिति के कार्यालय में सुबह 11 से 2 एवं शाम 4 बजे से 6 बजे तक पंजीयन करवा सकते हैं। यात्रा में प्रत्येक व्यक्ति को उसके परिवार जनाें के लिए ही टिकिट दी जाएगी। 30 सितंबर को पंचमी होने के कारण इस दिन का टिकट केवल शासकीय नौकरी वालाें को ही दिया जा रहा है।
