सोमवार को सुबह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कांकेर में निर्वाचन अधिकारी को लिखित शिकायत की। इसमें चुनावी शपथपत्र में दुष्कर्म के अपराध के छुपाने के आधार पर भाजपा उम्मीदवार का नामांकन खारिज करने की मांग की गई है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सोमवार को सुबह कांकेर पहुंचे। यहां उन्होंने भानुप्रतापपुर उपचुनाव के निर्वाचन अधिकारी सुमित अग्रवाल को लिखित शिकायत पेश की। उनका कहना था कि भाजपा से उम्मीदवार बनाए गए ब्रह्मानंद नेताम के खिलाफ झारखंड में सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो और अनैतिक देह व्यापार निषेध कानूनों के तहत मामला दर्ज है। नामांकन के समय दिये गये शपथपत्र में नेताम ने इस मामले की जानकारी नहीं दी है।
कांग्रेस अध्यक्ष मोकन मरकाम ने कहा, सूचना छिपाने की वजह से ब्रह्मानंद नेताम का नामांकन खारिज किया जाये। मोहन मरकाम ने बाद में कांकेर के पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर इस मामले में कार्रवाई के लिए एक ज्ञापन सौंपा है।
इधर प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शिव सिंह ठाकुर सहित कई पदाधिकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। उन लोगों ने भी झूठा शपथपत्र देने के आधार पर भाजपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द करने की मांग की है। बताया जा रहा है निर्वाचन आयोग ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
इस मामले में रायपुर के सिपाही को निलंबित किया गया है।
एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने रविवार रात एक आदेश जारी कर आरक्षक केशवराम सिन्हा को निलंबित कर दिया। यह सिपाही रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाने में पदस्थ था। निलंबन आदेश के मुताबिक झारखंड के पूर्वी सिंहभूमि के टेल्को थाने में दर्ज नाबालिग से दुष्कर्म और अनैतिक देह व्यापार के मामले की एफआईआर में आरक्षक की संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। नाबालिग पीड़िता के साथ घटित अपराध की अत्यंत गंभीर धाराओं के आरोपी आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
6 प्रत्याशियों ने वापस लिया नाम
इधर कांकेर से बड़ी खबर सामने आई है. नामंकन वापसी का आज अंतिम दिन है. 6 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है. कांग्रेस पार्टी को अपना समर्थन देकर सदस्यता ग्रहण की है. नामंकन वापस लेने वाले सभी 6 प्रत्याशी निर्दलीय हैं.
