छत्तीसगढ़ के जशपुर में 12 साल का एक बच्चा दीपक ने जहरीले सांप करैत का फन दांतों से काट दिया। इसके चलते सांप मर गया। पहले सांप ने बच्चे को डसा। इसके चलते बच्चे को गुस्सा आ गया और उसने सांप को पकड़ कर काट लिया। परिजनों को पता चला तो बच्चे को अस्पताल ले गए। फिलहाल बच्चे की हालत पूरी तरह से ठीक है। मामला बगीचा विकासखंड का है।

जानकारी के मुताबिक, बगीचा विकासखंड के पंडरापाठ में रहने वाले पहाड़ी कोरवा परिवार का 12 साल का बच्चा दीपक कुछ दूर रहने वाली अपनी दीदी के घर गया था। वहां खेलने के दौरान उसे सांप ने डस लिया। इस पर दीपक को भी गुस्सा आ गया और उसने सांप को पकड़ लिया और उसके फन को दांत से काट लिया। इसके चलते सांप ने बुरी तरह से दीपक के हाथों को जकड़ लिया।
अंधविश्वास है कि सांप काटे तो उसे काटने से विष का असर कम
इसकी जानकारी जब दीपक की दीदी को हुई तो वे फौरन उसे लेकर अस्पताल पहुंची और इलाज कराया। इसके बाद दीपक पूरी तरह से स्वस्थ है। वहीं सांप की मौत हो चुकी थी। जशपुर जिले में अंधविश्वास है कि अगर आपको सांप काट ले तो आप उसको काट ले तो विष का प्रभाव नहीं होगा। बच्चे ने भी इसी अंधविश्वास के चलते सांप को काट लिया। हालांकि सही समय पर इलाज मिलने से बच्चा ठीक है।
दीपक बोला-गुस्से में मैंने भी काट लिया
दीपक राम का कहना है की मैं खेल रहा था उसी समय जहरीले सांप ने आकर मुझे काट लिया। मुझे भी गुस्सा आ गया और मैंने सांप को काट लिया। इसके बाद सूचना मैंने अपने घरवालों को दी। वहीं दीपक की बहन ने बताया कि दीपक के जानकारी देने के बाद उसे डॉक्टर के पास ले गए। इलाज के बाद वह ठीक हो गया।
