कई तरह की परेशानियों के बाद आखिरकार गोगांव के नए अंडरब्रिज का काम 92 प्रतिशत से ज्यादा पूरा हो गया है। अफसरों का दावा है कि नए साल यानी जनवरी में यह अंडरब्रिज लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इस नए अंडरब्रिज से गोगांव रेलवे क्रासिंग से कोटा, जनता कालोनी, गुढ़ियारी, अशोक नगर, तिलक नगर, सूर्य नगर, सीता नगर, बजरंग नगर, उरला, अछोली, कबीर नगर, सरोरा, सिलतरा, सोनडोंगरी से आने-जाने वाले 2 लाख से ज्यादा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी इन जगहों के लोगों को तीन किमी घूमकर आना-जाना पड़ रहा है। ज्यादातर लोग गोंदवारा अंडरब्रिज से आना-जाना करते हैं।
इस वजह से कुछ मीटर का सफर किलोमीटर में बदल गया है। नया अंडरब्रिज बनने के बाद लोग सीधे इस ब्रिज से होकर गुजर सकेंगे। गोगांव अंडरब्रिज में अभी केवल सर्विस रोड, प्रोफाइल शीट, शेड और दीवारों पर पेटिंग का काम ही बाकी है। अंडरब्रिज के एक लेन पर सड़क बनाने का काम भी शुरू हो गया है। सर्विस लेन का समतलीकरण करने के बाद अब उस पर बजरी डाली जा रही है। इसके अलावा दोनों तरफ की एप्रोच रोड बनाने का काम भी पूरा हो गया है।
15 दिसंबर तक सभी काम होंगे पूरे
लोक निर्माण विभाग के आला अफसर इसे हर हाल में 15 दिसंबर तक पूरा करने के लिए कह रहे हैं ताकि नए साल में अंडरब्रिज लोगों के लिए खुल सके। गोगांव अंडरब्रिज बनाने के लिए 6 मई 2016 में 35.40 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया गया था। इस अंडरब्रिज की लंबाई 850 मीटर और चौड़ाई 13 मीटर है।
