छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अम्लेश्वर थाना अंतर्गत तिरंगा चौक स्थित समृद्धि ज्वेलर्स के संचालक सुरेंद्र सोनी की अज्ञात आरोपितों ने चाकू मारकर की हत्या। दोपहर करीब एक बजे की घटना। सुरेंद्र सोनी अपनी दुकान पर ही था।
रायपुर से सटे अमलेश्वर में बाइक पर पहुंचे लुटेरों ने दुकान में घुसकर दिनदहाड़े सराफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। लुटेरे दुकान से नकदी व सोने के जेवर लेकर भाग गए हैं। यह वारदात दुकान के सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हुई है। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है। उनकी बाइक लावारिस हालत में रायपुर शहर के निकट बरामद की गई है। एक आरोपित की पहचान मुसैला झारखंड निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है।
अमलेश्वर की पाश कालोनी वुड आइलैंड निवासी सुरेंद्र कुमार सोनी (52) की तिरंगा चौक पर समृद्धि ज्वेलर्स नाम की दुकान है। दोपहर डेढ़ बजे दो युवक जेवर खरीदने के बहाने उनकी दुकान पर पहुंचे। उनका तीसरा साथी बाहर बाइक के पास खड़ा रहा। जेवर दिखाने के बाद सुरेंद्र उसे वापस काउंटर में रखने के लिए नीचे झुके तो आरोपितों ने अचानक उनपर हमला कर दिया।
इसके बाद आरोपितों ने उनपर कट्टा व पिस्टल तान दिया। दोनों में से एक आरोपित का एक हाथ कटा हुआ है। एक आरोपित काउंटर के उसपार गया और सुरेंद्र को लात से मारने लगा। इसी दौरान दूसरे हाथ कटे हुए आरोपित ने पिस्टल से छह राउंड फायर कर दिया। दो गोलियां दीवार पर लगीं किंतु एक गोली सुरेंद्र के गले के नीचे लग गई। वह बेसुध हो गए तो लुटेरों ने गल्ले में रखी नकदी व सोने के जेवर लूट लिया और जिस बाइक क्रमांक जेएच 12 एन 2701 से वहां पहुंचे थे उसी पर सवार होकर भाग गए। सुरेंद्र को अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटे ने सीसीटीवी के लाइव फीड पर देखी पिता की हालत
दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है जिसका लाइव फीड मृतक सुरेंद्र सोनी के बेटे के मोबाइल पर था। बेटे ने मोबाइल पर दुकान का लाइव वीडियो देखा तो पता चला कि पिता दुकान में खून से लथपथ गिरे हैं। वह फौरन दुकान पहुंचा और पिता को लेकर अस्पताल भागा। हालांकि सुरेंद्र को बचाया नहीं जा सका।
एसपी दुर्ग डा. अभिषेक पल्लव ने कहा, सीसीटीवी कैमरों से आरोपितों का फुटेज मिला है। उनकी तलाश जारी है। आरोपितों की बाइक को बरामद किया गया है।
रायपुर पुलिस सतर्क, बाजार पर होगी नजर
अमलेश्वर में सराफा कारोबारी की हत्या के बाद राजधानी पुलिस सतर्क हो गई है। रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुटी है। त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस को सतर्क किया गया है। देर रात तक सादीवर्दी में पुलिस के जवान शहर में घूम रहे हैं। सराफा लाइन में अतिरिक्त सुरक्षा लगाई गई है। कारोबारियों को भी कहा गया है कि ज्यादा पैसे दुकानों में न रखें और न ही साथ लेकर चलें। किसी पर संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
सराफा एसोसिएशन ने की निंदा
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने हत्या की घटना की निंदा की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल बरडिया, महामंत्री नरेंद्र दुग्गड़ व कोषाध्यक्ष सुरेश भंसाली ने कहा कि आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की जानी चाहिए। त्यौहारी सीजन में यह घटना भयभीत करने वाली है। बाजार में सुरक्षा व्यवस्था की मांग व आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को एसोसिसएशन का प्रतिनिधिमंडल डीजीपी व एसएसपी से मुलाकात करेगा।
