छत्तीसगढ़ में एक बार फिर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने छापा मारा है। बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा और रायपुर में कोयला कारोबार से जुड़े कारोबारियों के घर कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि, एक दिन पहले ही 50 से ज्यादा अफसरों की टीम राजधानी पहुंची थी।
बिलासपुर में तेंदूपत्ता व्यापारी बजरंग अग्रवाल, बनवारी अग्रवाल के घर आईटी का छापेमार कार्रवाई जारी है। दोनों व्यापारियों के ऑफिस और घर में एक साथ आईटी की टीम तलाशी कर रही है। बताया जा रहा है कि, 10 से 12 की संख्या में आईटी के अधिकारी जांच कर रहे हैं।बजरंग अग्रवाल, बनवारी अग्रवाल राइस मिल और रियल स्टेट का काम भी करते हैं।
रायगढ़ में NR ग्रुप के मालिक संजय अग्रवाल के ठिकानों पर जांच जा रही है। 50 से ज्यादा गाड़ियों में IT की टीम पहुंची है। शहर के गजानंद नगर में कोयला कारोबारी राकेश शर्मा के घर भी कार्रवाई जारी है। रायपुर में लॉ विस्टा सोसायटी में रामगोपाल अग्रवाल सहित कई कोयला कारोबारियों के घर में IT टीम दस्तावेज खंगाल रही है।
रायगढ़ शहर में NR ग्रुप के घर और ऑफिस में ITकी टीम कार्रवाई कर रही है। अधिकारी सुबह 5 बजे से CRPF के जवानों के साथ रायगढ़ पहुंची। NR ग्रुप के बाहर बड़ी संख्या में IT की गाड़ियां मौजूद हैं। गाड़ियों की संख्या 50 से ज्यादा बताई जा रही है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सहित 6 लोगों के यहां छापा
सक्ती शहर में आयकर विभाग की टीम ने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सहित 6 लोगों के यहां छापा मारा है। आयकर विभाग की टीम इन सबसे पूछताछ कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार सक्ती में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कांग्रेस नेता श्यामसुंदर अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि कांग्रेस नेता आनंद अग्रवाल, अनुराग कपड़ा दुकान के संचालक कमलेश अग्रवाल, स्टांप वेंडर जगदीश बंसल, प्रियंका मोबाइल दुकान के संचालक राहुल अग्रवाल और सत्यविद्या ज्वेलर्स के संचालक अरुण अग्रवाल के यहां कार्रवाई जारी है।
