छत्तीसगढ़िया ओलंपिक मैच के दौरान चोटिल हुए कबड्डी खिलाड़ी समरू केरकेट्टा की एक महीने तक अस्पताल में रहने के बाद बुधवार को मौत हो गई. समरू केरकेट्टा एक महीने के दौरान टूर्नामेंट में लगी चोट की वजह से मरने वाले तीसरे कबड्डी खिलाड़ी हैं.
राज्य में ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है. इसमें अलग-अलग स्तर पर विभिन्न आयु समूहों के बीच टूर्नामेंट हो रहा है. इस छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किया गया था जो कि 6 जनवरी 2023 तक चलता रहेगा. 40 साल तक के लोग इसमें भाग ले सकते हैं.
28 वर्षीय कबड्डी प्लेयर समरू केरकेट्टा फरसाबहार क्षेत्र के घुमरा गांव के निवासी थे, जो जशपुर जिला मुख्यालय से लगभग 60 किमी और रायपुर से 400 किमी दूर है. 17 अक्टूबर को पास के सुंदरू गांव में आयोजित आटूर्नामेंट भाग लेने के दौरान वह घायल हो गए थे. उसके बाद उन्हें एक एम्बुलेंस से स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और फिर जिला प्रशासन के सहयोग से रायगढ़ में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि, उनकी स्थिति नाजुक थी और बुधवार को उनकी मौत हो गई.
