बारिश के बाद प्रदेश के ग्रामीण इलाकों की सड़कें एक बार फिर चमकने लगेंगी।
इन सड़काें की मरम्मत और निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। बताया गया है कि राज्य के सभी जिलों में 400 से अधिक सड़कों के निर्माण और मरम्मत पर लगभग 664 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
इससे लगभग 12 सौ किमी की सड़कों का कायाकल्प होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली इन सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए 664.17 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
इसमें सड़क निर्माण के लिए 572.36 करोड़ रुपए रखा गया है जबकि ग्रामीण इलाकों की सड़कों की मरम्मत के लिए 91.80 करोड़ रुपए रखा गया है। अब तक प्रदेश में पीएमजीएसवाय योजना के तहत 55 हजार 410 किलोमीटर लंबी सड़कें बन चुकी हैं। वर्तमान में पीएमजीएसवाय-3 का काम चल रहा है। जिसमें पुल-पुलिया भी बनाए जाएंगे।
