छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए उसे अपनी कार चलाने के लिए दे दी, गर्लफ्रेंड को कार चलानी नहीं आती थी इसके बावजूद बॉयफ्रेंड ने कार चलाने के लिए उसे प्रोत्साहित किया. इसके बाद जब कार चलाने लगी तो कुछ ही दूर पर दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. जिसमें घटनास्थल पर ही 2 लोगों की मौत हो गई.
पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है. कार के मालिक युवक के पिता पर भी केस दर्ज कर लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना बिलासपुर के करीब कोटा रोड ग्राम नेवरा के पास की है. मुंगेली निवासी रविंद्र कुर्रे अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कार से निकला था. रविंद्र ने अपनी गर्लफ्रेंड को कार चलाने के लिए दे दी. युवती ने कुछ दूर चलकर एक्साइटमेंट में एक्सीलेटर ज्यादा दबा दिया. इसकी वजह से सामने से आ रही एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में 50 वर्षीय शुकुवारा बाई केवट और जेताराम यादव की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भयानक था कि बाइक कई मीटर दूर सड़क पर घिसटती रही.
इस हादसे में तुलसीराम यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया.
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने युवती और उसके बॉयफ्रेंड रविंद्र कुर्रे को धर दबोचा
लोगों ने घटना की सूचना दे दी. पुलिस ने दोनों को अरेस्ट कर लिया. कार रविंद्र कुर्रे के पिता के नाम रजिस्टर्ड है. पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया है.
