बिलासपुर में पत्नी की पिटाई करने वाले चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज के संचालक पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। उनकी पत्नी घर से बाहर थीं। वापस घर पहुंची, तब बेड रूम में दूसरी महिला को देख विरोध किया, तब पति ने झगड़ा करते हुए उनका बाल पकड़ कर घसीटते हुए मारपीट करने लगा। घटना सकरी थाना क्षेत्र के राम लाइफ सिटी की है।
जानकारी के मुताबिक, सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत, पलक जायसवाल (35) रामा लाइफ सिटी में रहती हैं और व्यवसाय करती हैं। उनके पति आशीष जायसवाल चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज के डायरेक्टर हैं। दोनों की आठ साल पहले शादी हुई है। उनकी एक बेटी भी है। पलक ने पुलिस को बताया कि उनके पति छोटी-छोटी बातों को लेकर उनके साथ आए दिन मारपीट करते हैं। उनकी सवा साल की बेटी को भी प्रताड़ित करते हैं। पारिवारिक मामला होने के कारण वह चुप रहीं और सब कुछ सहती रहीं।
पलक ने पुलिस को बताया कि 6 अप्रैल को भी उस महिला को लेकर उनका पति आशीष घर लेकर आया था, जिसका विरोध करने पर उसने मारपीट की और चाकू लेकर जान से मारने के लिए दौड़ाया। इस दौरान उसने पलक के भाई देवेन्द्र जालोदिया पर भी हमला किया था।
