राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन देने को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) पार्टी असमंजस की स्थिति में है. मुर्मू को समर्थन दिया जाए या नहीं, इसे लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्थित अपने आवास पर विधायक दल की बैठक भी की. इस बैठक में दिसोम गुरु शिबू समेत तमाम बड़े नेता मौजूद थे. कई घंटे तक चली बैठक के बाद भी मुर्मू को समर्थन देने को लेकर कोई फैसला नहीं लिया जा सका. विधायक दल की बैठक के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन के साथ सभी परिस्थितियों पर चर्चा हुई, अभी राष्ट्रपति चुनाव होने में समय है. ऐसे में हम उचित समय आने पर इसका निर्णय लेंगे. फैसला वही लिया जाएगा जो राज्य और देशहित में होगा. उन्होंने दिल्ली में अमित शाह से मिलने जाने के सवाल पर कहा कोई अभी किसी से मिलने नहीं जा रहा है. परिस्थिति के अनुसार सभी चीजें सामने आएगी.
बता दें कि एनडीए की द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को ही राष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन किया है. इस दौरान उनके साथ पीएम मोदी समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे. प्रधानमंत्री मोदी ने संसद भवन परिसर स्थित राज्यसभा महासचिव के कार्यालय में निर्वाचन अधिकारी पी.सी. मोदी को मुर्मू के नामांकन पत्र सौंपा था. मुर्मू के साथ नामांकन दाखिल करने के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह, राजनाथ सिंह, जे.पी. नड्डा, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और सहयोगी दलों के नेता मौजूद थे.
