सेल के रिकाॅर्ड 12 हजार करोड़ के प्रॉफिट के बाद बीएसपी कर्मचारियों को अब तक का सर्वाधिक 40500 रुपए बोनस देने को तैयार हो गया। बोनस का भुगतान दो किस्तों में किया जाएगा। 31000 रुपए की पहली किश्त का भुगतान दीपावली के पहले और दूसरी किस्त में 9500 रुपए का भुगतान मार्च के पहले किया जाएगा। बैठक मंगलवार को दिल्ली में सुबह साढ़े 11 बजे से शुरू हुई।
बैठक में नए सिरे से निगोसिएशन का दौर शुरू हुआ। शाम करीब 5 बजे तक दोनों ही पक्षों के रूख में खास तब्दीली नहीं आई थी। सेल प्रबंधन ने अपने रूख को थोड़ा नरम करते हुए नया प्रस्ताव रखा। यूनियनों ने इंकार किया, दो घंटे बाद दोबारा बैठक हुई, जिसमें सभी विषयों पर सहमति बना ली गई।
सुबह साढ़े 11 बजे शुरू हुई बैठक, रात 9 बजे बन पाई सहमति
तीन महीने में बनेगा फाॅर्मूला, इसका भी मिला आश्वासन
बोनस राशि तय होने के बाद प्रबंधन की ओर से कहा गया कि पहली किश्त 31 हजार का भुगतान करने के लिए पैसे की व्यवस्था करने में समय लग सकता है। प्रयास अगले एक-दो दिनों में भुगतान करने का होगा, अन्यथा दीपावली के पहले तो भुगतान सुनिश्चित है। तीन महीने में बोनस फाॅर्मूला बना लिया जाएगा। साथ ही बोनस की दूसरी किश्त मार्च के पहले कर दी जाएगी।
बीएसपी कर्मियों को बांटे जाएंगे 40.60 करोड़
सेल में 50500 और बीएसपी में 14500 कर्मचारी कार्यरत हैं। बीएसपी में बोनस के रूप में 58.72 करोड़ कर्मियों को मिलेंगे। इनमें दीवाली के पहले 40.60 करोड़ और मार्च तक शेष 18.12 करोड़ राशि कर्मचारियों के खाते में जमा हो जाएगी। बोनस राशि तय होने के बाद भुगतान, नाइट शिफ्ट अलाउंस और वेतन समझौते के एरियर्स का भी मुद्दा उठाया।
