दुर्ग जिला के भिलाई टाउनशिप के सेंट्रल एवेन्यू रोड में रविवार देर रात गणपति विसर्जन के दौरान यह भयानक सड़क हादसा हुआ है. गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे ट्रेलर में पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार आकर घुस गई जिससे ट्रेलर में बैठे दो लोग कार के नीचे आ गए और उनकी मौत हो गई. वहीं अन्य कुछ लोगों को गंभीर चोटे आईं हैं.
झटके से गिर गए नीचे
बताया जा रहा है कि ग्लोब चौक को पार करके जैसे ही ट्रेलर थोड़ी दूर पहुंची थी कि एक कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में आकर घुस गई. कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि ट्रेलर के किनारे बैठे शंकर ठाकुर और नीरज झटके से नीचे गिर गए और सीधे कार के अंदर घुस गए. ठोकर से कार तो चकनाचुर हो गई. वहीं शंकर की मौके पर मौत हो गई. नीरज को गंभीर हालत में सेक्टर 9 हॉस्पिटल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.
सड़क दुर्घटना में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। समिति के लोगों ने पुलिस की मदद से तुरंत घायलों को सेक्टर 9 अस्पताल पहुंचाया। वहां समिति के लोगों ने देर रात जमकर हंगामा किया। भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को किसी तरह शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, कार के ट्रेलर में घुसते ही कार चालक और उसके बगल में बैठा एक व्यक्ति फरार हो गए. वहीं घटना से डरा ट्रेलर का ड्राइवर भी भाग खड़ा हुआ. गणपति विसर्जन की व्यवस्था बनाने चौक-चौराहों पर तैनात पुलिस भी घटनास्थल पर चंद मिनट में ही पहुंच गई. कुछ ही देर में पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
