छत्तीसगढ़ में इस बार शिक्षक दिवस पर राज्यपाल अनुसुईया उइके शिक्षकों को सम्मानित करेंगी. इसके लिए राजभवन (Chhattisgarh Raj Bhavan) में तैयारी की जा रही है. 5 सितंबर को राजभवन के दरबार हॉल में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन होगा. इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Chief Minister Bhupesh Baghel) और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम मौजूद रहेंगे. इस आयोजन में राज्य के 60 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा.
दरअसल शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह (State Level Teacher Award Ceremony) में 56 शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान और 4 शिक्षकों को प्रदेश के महान साहित्यकारों के नाम पर स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. समारोह में राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित 56 शिक्षिकों में से प्रत्येक को 21-21 हजार रुपए की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा. इसके अलावा प्रदेश के महान विभूतियों की स्मृति में दिए जाने वाले पुरस्कार से सम्मानित होने वाले प्रत्येक शिक्षक को 50-50 हजार रूपए और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा.
रायपुर जिले के जेल शिक्षक नेतराम नाकतोड़े को ’’डॉ. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति पुरस्कार’’, कांकेर जिले की व्याख्याता मीरा आर्ची चौहान को ’’श्री गजानन्द माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार’’, कोरबा जिले के व्याख्याता एलबी राकेश टंडन को ’’डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार’’ और महासमुंद जिले के शिक्षक एलबी हेमंत कुमार खुटे को ’’डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बक्शी स्मृति पुरस्कार’’ प्रदान किया जाएगा.
