छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बड़ा नक्सली हमला हुआ है। इसमें 8 डीआरजी के जवान और एक ड्राइवर शहीद हो गए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी जवान लोकल के होते हैं। इनके नाम भी सामने आ गए हैं। बस्तर आईजी ने इसकी पुष्टि की है।
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने कायराना हरकत की है। जवानों की स्कॉर्पियो गाड़ी को IED से उड़ा दिया है। इस ब्लास्ट में कुल 9 जवानों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। इसमें एक ड्राइवर भी शामिल है। बस्तर के आईजी सुंदरराज पी ने इसकी पुष्टि की है। उन 9 जवानों के नाम भी सामने आ गए हैं।
बताया जा रहा है कि जितने जवान शहीद हुए हैं वे सभी लोकल जवान थे। ये सभी जवान 3 जनवरी से अबूझमाड़ में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान से लौट रहे थे। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि इस अभियान में नारायणपुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर, कोंडागांव की डीआरजी टीमों के साथ स्पेशल टास्क फोर्स के जवान भी शामिल थे। जिसमें बस्तर फाइटर्स के कोरसा बुधराम, सोमडू वेंटिल, दुम्मा मड़काम, बमन सोढ़ी, हरीश कोर्राम, पण्डरू पोयम, सुदर्शन वेटी और सुभरनाथ यादव हैं। वहीं ड्राइवर का नाम अभी पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार यह धमाका बीजापुर में कुटरू के जंगली इलाके में हुआ है।
मौके पर पहुंची NIA की टीम
बीजापुर में नक्सली हमले के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी है। एनआईए की फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की हमले की निंदा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नक्सलियों की इस कायराना करतूत की निंदा करते हुए शहीदों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने इस हमले को लेकर एक्स पर पोस्ट जारी किया है, जिसमें उन्होंने लिखा- “बीजापुर, छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों पर हुआ नक्सली हमला निन्दनीय है। देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के शोक-संतप्त परिवारजनों के प्रति मैं गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। हमारा देश नक्सलवाद को समूल समाप्त करने के लिए संकल्पबद्ध है।”
बीजापुर, छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों पर हुआ नक्सली हमला निन्दनीय है। देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के शोक-संतप्त परिवारजनों के प्रति मैं गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। हमारा देश नक्सलवाद को समूल समाप्त करने के लिए संकल्पबद्ध है।



