BJP की रैली में पानी के लिए तरसीं ‘महतारियां’:महिलाएं बोलीं-खाना खिलाने के बहाने सुबह से लेकर लाए थे,भोजन तो दूर पानी तक नसीब नहीं…
महिलाओं को नेताओं ने रैली में खाना खिलाने का दावा तो किया। लेकिन, महतारियों की माने तो उन्हें पानी तक नहीं दिया गया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी रैली के बाद जब मंच पर भाषण दे रहीं थीं, उसी समय रैली से निकलकर महिलाएं भोजन की तलाश में पैदल निकल पड़ीं।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक है। जाहिर है कि सत्ता पक्ष के साथ ही प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी है। शुक्रवार को भाजपा ने महतारी हुंकार रैली निकालकर चुनाव की तैयारी का शंखनाद भी कर दिया। इस रैली में प्रदेश भर से 50 हजार से अधिक महिलाओं की भीड़ जुटने का दावा किया। लेकिन, इस भीड़ को जुटाने भाजपा नेताओं ने कैसे-कैसे हथकंडे अपनाए। यह कहानी भी रैली में शामिल होने आईं महिलाओं ने बताया।
रैली में नहीं पहुंच पाईं महिलाएं
रैली में शामिल होने के लिए जांजगीर-चांपा जिले से भी महिलाओं का एक दल भटकता मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनकी गाड़ी को तोरवा में रोक दिया था, जिसके बाद वे पैदल रैली में शामिल होने जा रहीं थीं। लेकिन, रैली आगे निकल गई थी। इसके चलते उन्हें भटकना पड़ा। भीड़ देखकर महिलाएं सभा स्थल भी नहीं जा पाईं और जूना बिलासपुर के पास वापस जाती मिलीं।
महिलाएं बोलीं- रैली में भोजन तो दूर पानी भी नहीं मिला
मस्तूरी क्षेत्र के लोहर्सी से आईं वृद्ध और अधेड़ महिलाएं जगमल चौक स्थित पटेल ग्राउंड से रैली में चार किलोमीटर पैदल सफर तय कीं। रैली के बाद जैसे ही सभा शुरू हुई भूखी-प्यासी महिलाएं पैदल खाने की तलाश में पैदल निकल गईं। उन्होंने बताया कि उन्हें नेताओं ने खाना खिलाने की बात कही थी। लेकिन, सुबह से खाना तो दूर पीने के लिए पानी भी नहीं मिला है।
