छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार रमेश नैयर का बुधवार शाम निधन हो गया। उन्होंने 82 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली है। पिछले करीब तीन माह से बीमार चल रहे थे। बेचैनी की शिकायत होने पर डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई।
शुक्रवार को रायपुर के मारवाड़ी श्मशान घाट में रमेश नैयर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पाकिस्तान के कुंजा में नैयर का जन्म हुआ था। विभाजन के बाद उनका परिवार भारत आ गया था। वह लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े हुए थे। उन्होंने हिंदी और अंग्रेजी के कई समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी थीं। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नैयर के निधन पर शोक जताया है।
सीएम बघेल ने जताया दुख
सीएम बघेल ने कहा है कि स्व. श्री नैयर जी ने छत्तीसगढ़ के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी पत्रकारिता के प्रतिमान स्थापित किए हैं.वे अपने कृतित्व और व्यक्तित्व से नई पीढ़ी के पत्रकारों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे. सीएम बघेल ने स्व. श्री नैयर के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है.

सीएम बघेल ने ट्वीट किया,छत्तीसगढ़ के गौरव व देश के प्रतिष्ठित पत्रकार, स्वर्गीय रमेश नैयर जी का निधन दुखद है.पत्रकारिता के क्षेत्र में यह अपूरणीय क्षति है.मुझे उनसे लगातार मार्ग निर्देशन मिलता रहा.ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिवारजनों को संबल दें.ॐ शांति:
