बिलासपुर यातायात जागस्र्कता सप्ताह के चौथे दिन रोड सेफ्टी सेल की ओर से नेहरू चौक पर अभियान चलाकर नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान यमराज का रूप धरकर निकले जवान ने लोगों को हेलमेट लगाने कहा। साथ ही इससे दुर्घटना से बचाव की जानकारी दी।
यातायात पुलिस की ओर से 18 सितंबर को जागरूकता सप्ताह की शुरूआत की गई। पहले दिन हेलमेट रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया गया। इसके बाद प्रतिदिन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार की दोपहर रोड सेफ्टी सेल की ओर से नेहरू चौक में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस के साथ यमराज और चित्रगुप्त का रूप धरे जवान भी मौजूद थे। हेलमेट लगाकर नियमों का पालन करने वालों का यमराज गुलाब का फूल देकर सम्मान कर रहे थे। वहीं, बिना हेलमेट वालों को दुर्घटना के दौरान सिर में लगने वाले चोट की जानकारी दे रहे थे। साथ ही उन्हें हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
सिर में चोट लगने से होती है ज्यादातर मौतें
अभियान के दौरान रोड सेफ्टी सेल के प्रभारी एसआइ उमाशंकर पांडेय भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि सड़क हादसे में अधिकतर मौतें सिर में चोट लगने से होती है। हेलमेट रहने से इसकी आशंका कम हो जाती है। वहीं, सीट बेल्ट लगाने से भी दुघर्टना के दौरान चोटों का प्रभाव कम हो जाता है। इसके लिए बाइक सवार को हेलमेट और कार सवार को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रोड सेफ्टी सेल के प्रभारी एसआइ उमाशंकर पांडेय ने बताया कि नियमों की अनदेखी से अधिकतर हादसे होते हैं। हाईवे में तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं हो रही है। इसके अलावा नाबालिग और अकुशल लोगों को वाहन की स्टेयरिंग सौंपने पर भी हादसे होते हैं। इससे बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
