राजधानी में गणेश प्रतिमाओं के विर्सजन की तैयारी में नगर निगम,पुलिस और जिला प्रशासन जुट गया है। नागरिकों की सुविधा के मद्देनजर शहर के 33 जगहों पर अस्थायी विसर्जन कुंड बनाए गए हैं। बड़ी मूर्तियों के विसर्जन का इंतजाम महादेव घाट पर किया गया है।
निगम आयुक्त मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर शहर के सभी 10 जोनों में विसर्जन कुंड की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन की तरफ से विर्सजन का रूट तय कर दिया गया है। गणेश झांकी शारदा चौक से जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सदरबाजार होते हुए पुरानी बस्ती रोड़ से महादेव घाट के लिए निकलेगी। यातायात बाधित न हो इसके लिए लाखेनगर से महादेवघाट तक की सड़क को वन वे किया जाएगा।
गणेश उत्सव समितियों के साथ एक-दो दिनों के भीतर प्रशासनिक अधिकारी बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था आदि तय करेंगे।
महादेव घाट में आधा दर्जन से अधिक विसर्जन कुंड की व्यवस्था की गई है। शहर में छोटे-बड़े मिलाकर एक हजार से अधिक गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। निगम प्रशासन की निगरानी में पिछले चार दिनों से रोज खारुन नदी में प्रतिमाओं का विसर्जन भी शुरू हो गया है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों महापौर एजाज ढेबर ने विर्सजन कुंड का जाएजा लेकर साफ-सफाई के साथ पुख्ता तैयारी करने के निर्देश दिए थे।
