रायपुर रेलवे स्टेशन से माना टेमरी सहित एयरपोर्ट जाने वाले एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर 350 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी और 34 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
अपराधियों पर नकेल कसने और दुर्घटनाएं रोकने के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन से माना टेमरी सहित एयरपोर्ट जाने वाले एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर 350 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी और 34 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
अब तक छत्तीसगढ़ सड़क विकास निगम (सीजीआरडीसी) की सड़कों में सर्विस रोड पर स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं मिलती थी, लेकिन 11 किमी के इस सफर में सर्विस रोड पर ही 350 से ज्यादा स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी, ताकि लोगों को रात में भी सफर करने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो।
वहीं इस पूरी लेन में 34 सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाएंगे, जिनकी सहायता से इस सड़क की चौबीस घंटे निगरानी की जा सके। वहीं इसमें रिकार्डिंग की भी सुविधा रहेगी, ताकि किसी भी घटना या दुर्घटना की स्थिति में इसकी सहायता से अपराधियों को ढूंढ़ने में सहायता मिल सके।
इसके लिए तेलीबांधा में अलग से सेटअप तैयार किया जाएगा, जहां से निरंतर यानी 24 घंटे इसकी मानिटरिंग की जा सके। हालांकि शहर में आइटीएमएस के तहत 50 से ज्यादा चौराहों की मानीटरिंग व निगरानी की जा रही है, लेकिन यह सड़क निगम क्षेत्र से बाहर है, इसलिए इसका सेटअप तेलीबांधा थाने में ही दिया जा रहा है।
वहीं इस सड़क पर दो नए सिग्नल भी लगा दिए गए हैं, जिनकी टेस्टिंग सहित अन्य कार्य शनिवार को ही पूरा कर लिए गए हंै और इसे चालू भी कर दिया गया है, जबकि सड़कों पर सोलर ब्लिंकर भी लगाए गए हैं, जिसकी सहायता से दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों की जानकारी बतौर संकेतक लोगों को मिल सके।
रेलवे स्टेशन और फुंडहर में हाईमास्ट लाइट भी
रेलवे स्टेशन यानी जीरो पाइंट से लेकर फुंडहर के बीच में तीन हाईमास्ट लाइट लगाने का प्रस्ताव बनाया गया था, लेकिन माना में पीडब्ल्यूडी द्वारा इसकी सुविधा दे दी गई है, इसकी वजह से अब रेलवे स्टेशन और फुंडहर में इन्हें लगवाया जा रहा है, जबकि अन्य जगहों में जरूरत के हिसाब से यह कार्य करवाया जाएगा।
वाल पेंटिंग से लेकर अवैध कब्जा रोकने भी व्यवस्था
इसके अलावा सर्विस रोड के नीचे वाल पेंटिंग भी करवाई जा रही है, ताकि सड़क के नीचे सुंदरता बरकरार रहे और देखने में आकर्षित रहे। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और कई जगहों में पेंटिंग की शुरुआत भी की जा चुकी है। वहीं ओवरब्रिज के नीचे अवैध कब्जे रोकने के लिए गार्डनिंग करने का भी प्लान बनाया गया है। हालांकि अभी वर्तमान में अफसरों के अनुसार कहीं इस तरह की स्थिति नहीं है, लेकिन भविष्य को देखते हुए कब्जे से बचाने के लिए योजना तैयार की जा रही है।
दो से ढाई करोड़ रुपये में यह इलेक्ट्रिकल कार्य
सीजीआरडीसी के अफसरों के अनुसार 15 करोड़ रुपये की लागत से संवारने के लिए बनाई गई योजना के तहत दो से ढाई करोड़ रुपये में तो सिर्फ इलेक्ट्रिक कार्य ही करवाया जा रहा है, जिसमें सीसीटीवी सहित अन्य चीजें शामिल हैं, जबकि इसके अलावा 12 करोड़ रुपये में गार्डनिंग सहित वाल पेंटिंग का कार्य करवाया जा रहा है।
सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइट के फाउंडेशन का काम पूरा
लोगों को दुर्घटना से बचाने के लिए विभिन्ना इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से सोलर ब्लिंकर व सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जा रहे हैं। सर्विस रोड पर 300 से अधिक स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी।
