छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियाें के हौसले बुलंद हैं। एक के बाद एक चाकूबाजी घटनाएं रायपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। ताजा मामला माना बस्ती का है, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। घटना आज सुबह की बताई जा रही है।
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल जाते वक्त दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची है तो वहीं दूसरी टीम घटनास्थल पहुंच कर जांच कर रही है। इधर, घटना से गुस्साए परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार माना बस्ती के पास एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान लल्ला उर्फ विजेंद्र मारकंडे के रूप में हुई है। जिसे अज्ञात हमलावर कमर के नीचे चाकू से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गए थे। बताया जा रहा है कि लल्ला की मौत अस्पताल ले जाते वक्त हुई है। वहीं पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है।
माना थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना आज सुबह की है। लल्ला उर्फ विजेंद्र मारकंडे नामक युवक पर चाकू से हमला हुआ है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। अज्ञात हमलावरों ने उस पर चाकू से वार किया है। माना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
