
टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का रविवार को निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक एक सड़क हादसे में साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) निधन हुआ है। सड़क हादसा मुंबई से सटे पालघर में हुआ। दुर्घटना के बाद साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। साइरस मिस्त्री के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कासा ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है।
टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री के निधन पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शोक संवेदना जताई है। उन्होंने इस हादसे को लेकर डीजीपी से बात की। समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने डीजीपी से इस सड़क दुर्घटना की विस्तृत जांच करने को कहा है।
समाचार एजेंसी एएनआइ ने पालघर पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे तभी उनकी मर्सिडीज कार डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक कार में 4 लोग मौजूद थे जिनमें से साइरस मिस्त्री समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। हादसा कासा थाना क्षेत्र के सूर्या नदी पुल पर हुआ। पुलिस अधकारी ने बताया कि यह सड़क हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ।
