राजधानी के डीडीनगर निवासी एक व्यक्ति से क्रिप्टो करेंसी स्टाक ट्रेडिंग में दोगुना लाभ का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने उससे साढ़े 10 हजार डालर के बराबर भातीय मुद्रा (नौ लाख रुपये से अधिक) की ठगी की है।
डीडीनगर थाने में मामले की रिपोर्ट कराई गई है। पीड़ित प्रमोद कुमार ने पुलिस को बताया कि उसे एक वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। उसमें क्रिप्टो करेंसी सहित अन्य विदेशी मुद्रा के लेन-देन संबंधी मैसेज आते थे। बिटकाइन स्टाक ट्रेडिंग के संबंध में कई लुभावनी स्कीम के मैसेज उन्हें मिलने लगे। उसने क्रिप्टो करेंसी स्टाक ट्रेडिंग में शुरुआती दौर में बहुत छोटी रकम निवेश किया, जिसका निश्चित मुनाफा मिलने लगा।
क्रिप्टो करेंसी स्टाक ट्रेडिंग में मिल रहे मुनाफे से प्रमोद का वाट्सएप ग्रुप पर विश्वास बढ़ता गया। उसने देश के ही एक व्यक्ति के माध्यम से क्रिप्टो करेंसी स्टाक ट्रेडिंग में निवेश किया था।
ठगी के लिए उन्हें एनीडेस्क एप भी डाउनलोड कराया गया। इनवेस्टमेंट के बदले मोटा कमीशन देने का लालच दिया गया। इसी दौरान ठग ने ज्यादा मुनाफे के लिए क्रिप्टोकरेंसी खरीदने भी कहा। उन्होंने अलग-अलग किश्त में 9 लाख से ज्यादा जमा कर दिए। इसके बाद ठगों ने अपना फोन ही बंद कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में खुलासा हुआ है कि जिन खातों में पैसा जमा हुआ है वो विदेश के बैंकों में स्थित हैं।
