पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोधन न्याय योजना के अंतर्गत राज्य के किसानों, पशुपालक ग्रामीणों, गौठान समितियों और महिला स्व-सहायता समूहों के बैंक खाते में राशि अंतरित की गई।
राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोधन न्याय योजना के तहत किसानों और गौपालकों के बैंक खातों में 1750 करोड़ 24 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। खातों में पैसा पहुंचते ही किसीनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। राजीव गांधी किसान न्याय योजना में अब तक 14 हजार 665 करोड़ रुपये की इनपुट सब्सिडी और गोधन न्याय योजना में 335 करोड़ 24 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत 26 लाख 21 हजार किसानों को साल 2021-22 की इनपुट सब्सिडी की दूसरी किस्त के रूप 1745 करोड़ रुपये बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए। इससे पहले 21 मई को किसानों को इस योजना की पहली किस्त के रूप में 1745 रुपये का भुगतान किया गया था। राजीव गांधी किसान न्याय योजना छत्तीसगढ़ में खरीफ वर्ष 2019 से लागू की गई है। इस योजना के तहत अब तक किसानों को 12 हजार 920 करोड़ रुपये की इनपुट सब्सिडी दी जा चुकी है। 20 अगस्त को दूसरी किस्त के भुगतान के बाद यह राशि बढ़कर 14 हजार 665 करोड़ हो गई है।
गोबर खरीदी की राशि भी ऑनलाइन ट्रांसफर
खरीफ 2019 में 18.43 लाख किसानों को 4 किस्तों में इनपुट सब्सिडी के रूप में 5627 करोड़ रुपये, खरीफ वर्ष 2020 के 20.59 लाख किसानों को 5553 करोड़ रुपये की इनपुट सब्सिडी दी गई है। किसानों को इनपुट सब्सिडी की यह राशि फसल उत्पादकता एवं फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा खेती की लागत को कम करने के उद्देश्य से दी जा रही है। सीएम भूपेश ने गोधन न्याय योजना के तहत पशुपालक ग्रामीणों, गोठान समितियों और महिला स्व-सहायता समूहों को 5 करोड़ 24 लाख रुपये का भुगतान किया। गोधन न्याय योजना के तहत 335 करोड़ 24 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
