भारत में गाय को देवी का दर्जा प्राप्त है। गाय के भीतर देवताओं का वास माना गया है। लेकिन छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में कुछ युवकों ने एक गाय से क्रूरता की हद पार कर दी।
युवकों ने गाय का मुंह को बोरी से बांध दिया। इसके बाद लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। जब गाय अधमरी हालत में हो गई तो उसके चारों पैर रस्सी से बांधकर जिंदा ही नदी के तेज बहाव में फेंक दिया।
खास बात यह है कि युवकों ने इसका वीडियो बनाया और खुद वायरल भी कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि 7 आरोपी अब भी फरार हैं। हसौद थाना के कारीभांवर गांव की घटना है।
वीडियो में 10-12 युवक सोन नदी के पुल पर बैठी एक गाय को बेरहमी से पीटते और नदी में फेंकते दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों ने पहले गाय के मुुंह पर बोरी बांध दी। फिर उसे लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। इस दौरान गाय दर्द से तड़पती रही, लेकिन युवक उसको पीटने से नहीं रोके। गाय जब अधमरी होकर गिर गई तो युवकों ने उसके चारों पैर रस्सी से बांध दिए और उठाकर नदी में फेंक दिया। वीडियो लालमाटी गांव का गुरुवार सुबह का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ अन्य लोग भी वहां मौजूद थे, लेकिन गाय पर युवकों की क्रूरता को देख उनकी हिम्मत रोकने की नहीं हुई। आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी मोबाइल से बनाया है। गाय के जिंदा ही नदी में बहने और बाद में मौत होने की बात भी कही जा रही है। हालांकि गाय का शव बरामद नहीं किया जा सका है। बताया जा रहा है कि नदी का बहाव काफी तेज था, ऐसे में शव मिलने की संभावना काफी कम है।
हसौद पुलिस ने पूरे मामले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की है।
