छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में केंद्रीय स्कूल की छात्रा के रेप और फिर हत्या से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। छात्रा को न्याय दिलाने की मांग और दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर लोग सड़कों पर उतर आए हैं। शुक्रवार को लोधी समाज के तमाम लोग थाने पहुंचे और मुख्यमंत्री व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले गुरुवार शाम को महिलाओं ने कैंडल मार्च निकाल कर छात्रा को श्रद्धांजलि दी। कल भी शहर के तमाम स्कूलों की छात्राएं सड़क पर उतरकर न्याय की मांग करेंगी।
जिला लोधी समाज के बैनर तले समाज के तमाम लोग शुक्रवार को सड़कों पर निकले। हाथ में बैनर और पोस्टर लिए यह लोग ‘छत्तीसगढ़ की निर्भया’ और हत्यारों को फांसी दो के नारे लगाते रहे। इसके बाद रैली निकाल डोंगरगढ़ थाने पहुंचे और मुख्यमंत्री व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
दुष्कर्म के बाद छात्रा का रेत दिया था गला
डोंगरगढ़ में केंद्रीय स्कूल में पढ़ने वाली 9वीं क्लास की 14 साल छात्रा 19 जुलाई को स्कूल जाने के बाद लापता हो गई थी। उसका शव गुरुवार को डोंगरगढ़ के आगे डंगोरा डैम की पहाड़ियों में मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। उसका गला रेता गया है। इस दौरान पुलिस को एक CCTV फुटेज मिला है। इसमें छात्रा एक युवक के साथ जाती दिखाई दे रही है। हालांकि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। इसके कारण अभी तक बाइक सवार युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
लोधी समाज ने आरोपियों की जल्द पहचान नहीं होने और परिवार को उचित न्याय नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी ।
प्रदर्शन करने वालों में लोधी समाज के जिला अध्यक्ष राजभान लोधी, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, युवा लोधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष मुलचंद लोधी, जिलाध्यक्ष राघव लोधी सहित तमाम लोग शामिल हुए। इससे पहले गुरुवार शाम को महिलाओं ने कैंडल मार्च निकाला और छात्रा को श्रद्धांजलि दी। शनिवार को भी शहर के सभी स्कूलों के 8वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं रैली निकालेंगी।
