मध्यप्रदेश के धार में आज सुबह करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। इंदौर से पुणे जा रही बस धामनोद में खलघाट के पास नर्मदा नदी में गिर गई। बस में महिलाओं-बच्चों समेत 40 यात्री सवार थे। अब तक 12 शव निकाले जा चुके हैं। इनमें 7 पुरुष और 4 महिला के शव हैं। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि बस खलघाट में टू-लेन पुल पर किसी वाहन को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और रेलिंग तोड़ते हुए बस नदी में जा गिरी। हादसे की जानकारी लगते ही खलघाट सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए हैं। इंदौर और धार से NDERF की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। यह पुल पुराना बताया जा रहा है। बस महाराष्ट्र राज्य परिवहन की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन को बचाव और राहत कार्य के आदेश दिए हैं।
हादसा आगरा-मुंबई हाईवे पर हुआ। यह रोड इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ता है। घटनास्थल इंदौर से 80 किलोमीटर दूर है। जिस संजय सेतु पुल से बस गिरी, वो दो जिलो धार और खरगोन की सीमा पर बना है। आधा हिस्सा खलघाट (धार) और आधा हिस्सा खलटाका (खरगोन) में है। खरगोन से भी कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे हैं।
