राजस्थान के उदयपुर में हुई घटना को लेकर आज विश्व हिंदू संगठन, बजरंग दल ने रायपुर के मरीन ड्राइव से लेकर भगत सिंह चौक तक आक्रोश रैली निकाली. रैली के दौरान विश्व हिंदू संगठन और बजरंग दल ने हनुमान चालीसा पढ़कर और आरोपियों का पुतले को फूंककर विरोध जताया. विश्व हिंदू संगठन ने राजस्थान के मुख्यमंत्री से जल्द से जल्द अपराधियों को फांसी देने की मांग की. मांग पूरी नहीं होने पर विश्व हिंदू संगठन ने 2 जुलाई को छत्तीसगढ़ बंद करने की चेतावनी दी.
उदयपुर में हुई हिंसक घटना का विरोध जताने की मंशा के तहत प्रदेश को बंद कराया जा रहा है। इस दौरान तमाम व्यापारिक गतिविधियां बंद रहेंगी। व्यापारिक संगठनों के सहयोग से पूरा प्रदेश 2 जुलाई को बंद रहेगा।
गुरुवार को भी बस्तर संभाग के नारायणपुर , दंतेवाड़ा , जगदलपुर, सुकमा जैसे जिले बंद रहे। हिंदू संगठनों ने इन शहरों को बंद करवाया सड़कों पर हिंदू संगठन के नेता उतरे। जगदलपुर में बड़ा विरोध प्रदर्शन करते हुए उदयपुर की घटना को अंजाम देने वाले दहशतगर्दों का पुतला भी फूंका गया। इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई।
भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता रहीं नूपुर शर्मा ने इस्लाम धर्म को लेकर टिप्पणी की थी। इसका समर्थन करते हुए उदयपुर के कन्हैया लाल नाम के टेलर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। इसके बाद उदयपुर के युवकों ने सरेआम कन्हैया लाल का गला काटकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल आरोपियों को को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से कुछ युवकों के संपर्क पाकिस्तानी आतंकी संगठन से भी जुड़े होने की बात सामने आ रही है । इस घटना का पूरे देश भर में विरोध किया जा रहा है।
2 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेता सड़कों पर भी उतर सकते हैं। तमाम स्कूल कॉलेज बंद करने की अपील की जा रही है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता बाजारों को बंद करवाएंगे। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के नेता सभी जिलों में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दे रहे हैं।
