
राजस्थान के उदयपुर में 10 दिन पहले नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने वाले युवक का तालिबानी तरीके से मर्डर कर दिया गया। 2 हमलावर मंगलवार को दिनदहाड़े उसकी दुकान में घुसे। तलवार से कई वार किए और उसका गला काट दिया। बताया जा रहा है कि इस केस को आतंकी हमले की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले की पूरी जांच NIA को सौंपी जा सकती है।
आरोपियों ने हत्या का पूरा वीडियो भी बनाया है। उन्होंने वारदात के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी भी ली है। वीडियो में उन्होंने PM नरेंद्र मोदी तक को धमकी दे डाली है। इसी वजह से NIA हरकत में आई है

उदयपुर के 7 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है। इसमें धानमंडी, घंटाघर, हाथीपोल, अंबामाता, सूरजपोल, भुपालपुरा और सवीना थाना क्षेत्र शामिल हैं। साथ ही, पूरे राजस्थान में धारा 144 लागू कर दिया गया है। दोनों आरोपी रियाज अंसारी और मोहम्मद गौस को राजसमंद के भीम से शाम 7 बजे गिरफ्तार किया गया है। दोनों उदयपुर के सूरजपोल क्षेत्र के निवासी हैं
शांति व्यवस्था बहाल रखने के लिए पूरे प्रदेश में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद किया गया है। वारदात के विरोध में उदयपुर के हाथीपोल, घंटाघर, अश्विनी बाजार, देहली गेट और मालदास स्ट्रीट का बाजार बंद है। पूरे राजस्थान में अलर्ट जारी किया गया है। उदयपुर घटना की जांच के लिए SIT का गठन हुआ है। ATS-SOG एडीजी अशोक राठौड़, एटीएस आईजी प्रफुल्ल कुमार एवं एक एसपी और एडिशनल एसपी शामिल होंगे
वारदात के करीब 7 घंटे बाद (मंगलवार रात 10:05) कन्हैयालाल का शव उठा लिया गया। कन्हैयालाल के दोनों बच्चों को सरकारी नौकरी, परिवार वालों को 31 लाख रुपए दिए जाने के बाद सहमति बनी है। इसके अलावा लापरवाही बरतने वाले उदयपुर के धानमंडी थाने के एएसआई भंवरलाल को निलंबित कर दिया गया है। शव मोर्च्यूरी में रखवाया गया है। परिवार वालों को बुधवार सुबह 9 बजे अस्पताल बुलाया गया है।
कन्हैयालाल तेली (40) की धानमंडी स्थित भूतमहल के पास सुप्रीम टेलर्स नाम से दुकान है। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार 2 बदमाश आए। कपड़े का नाप देने का बहाना बनाकर दुकान में घुसे। कन्हैयालाल कुछ समझ पाते, तब तक बदमाशों ने हमला बोल दिया। उन पर तलवार से कई हमले किए। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
