एम्स में ज्वाइन करने वाले नर्सिंग अधिकारियों में से करीब 60 प्रतिशत छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। इनमें भी अधिकांश महिला नर्सिंग अधिकारी हैं।
रायपुर। राजधानी के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 209 नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। इनके लिए एम्स की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देने के लिए छह दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नए नर्सिंग अधिकारियों के आने के बाद इनकी संख्या 900 से अधिक हो गई है। उप-निदेशक (प्रशासन) अंशुमान गुप्ता ने बताया कि दिल्ली एम्स के द्वारा नर्सिंग ऑफिसर्स रिक्रूटमेंट कॉमन एलिजिब्लिटी टेस्ट-2021 का आयोजन किया गया था।
इस बार 80 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए और 20 प्रतिशत पुरुषों के लिए आरक्षित किए गए थे। इस प्रक्रिया के अंतर्गत एम्स रायपुर को 261 नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्ति मिली। इनमें से अभी तक 209 ज्वाइन कर चुके हैं। अभी आप्शन-2 के अंतर्गत भी कई नर्सिंग अधिकारी ज्वाइन कर सकते हैं।
