छत्तीसगढ़ के बस्तर में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे बस्तर वासियों को चिंता सताने लगी है. जगदलपुर शहर के 40 से अधिक पेट्रोल पंपों में से अधिकतर में डीजल और पेट्रोल की कमी की समस्या बनी हुई है. दरअसल पेट्रोलियम कंपनियां घाटे का हवाला देते हुए आपूर्ति में बाधा उत्पन्न कर रही हैं. वहीं आने वाले दिनों में पंप के मालिकों की मानें तो यह समस्या और भी अधिक हो सकती है, जिससे बस्तर में भी हजारों वाहनों के पहिए थम जाएंगे और दैनिक जरूरत की चीजों के दाम आसमान छूने लगेंगे.
शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी अधिकांश पेट्रोल पंप में डीजल पेट्रोल नहीं होने से बस्तर वासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
बस्तर में भी तेल संकट आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है, जैसा कि पेट्रोल पंप डीलरों ने पहले ही आशंका जता दी थी कि राज्य के दूसरे जिलों के साथ-साथ बस्तर में भी तेल संकट का खतरा बढ़ सकता है. बस्तर में पिछले 3 दिनों से शहर के पेट्रोल पंपों में खासकर डीजल की किल्लत बनी हुई है. जिसकी वजह से बड़े मालवाहक वाहन के साथ ही चार पहिया वाहन के पहिए भी थम चुके हैं. सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन करने में लगे सरकारी गाड़ियों को भी डीजल आसानी से नहीं मिल पा रहा है. ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि यह परेशानी पिछले 1 सप्ताह से बस्तर में बनी हुई है, वही पंप मालिकों की मानें तो पहले अधिकतम 6 दिन में डिपो से पंपों तक आपूर्ति हो जाया करती थी, लेकिन पिछले 1 सप्ताह से 15 से 20 दिन के बाद आपूर्ति हो रही है
